हसीना को बांग्लादेश लौटने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अनुमति दी जानी चाहिए: तसलीमा
हसीना को बांग्लादेश लौटने, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अनुमति दी जानी चाहिए: तसलीमा
कोलकाता, चार अगस्त (भाषा) बांग्लादेश से निर्वासित लेखिका तसलीमा नसरीन ने मंगलवार को कहा कि अपदस्थ बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना को स्वदेश लौटने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने की अनुमति दी जानी चाहिए।
हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद पांच अगस्त 2024 को हसीना की सरकार गिर गई थी, जिसके बाद उन्हें देश छोड़ना पड़ा था। इस घटनाक्रम की दूसरी बरसी से एक दिन पहले तसलीमा ने यह बात कही है।
उन्होंने कहा कि हसीना की पार्टी अवामी लीग पर से प्रतिबंध भी हटना चाहिए ताकि वह लोकतांत्रिक क्रियाकलापों में भाग ले सके।
जबरन कोलकाता छोड़ने के 19 साल बाद नसरीन शहर के दौरे पर हैं।
वह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानिहाटी में समाज सुधारक बेगम रुकय्या की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सभा को संबोधित कर रही थीं।
नसरीन ने कहा, “किसी भी राजनीतिक दल पर प्रतिबंध नहीं लगना चाहिए। शेख हसीना को जिस तरह देश छोड़ने के लिए मजबूर किया गया, उस पर सवाल उठते हैं। अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाना सही नहीं था। यह लोकतंत्र के खिलाफ कदम था। मैं चाहती हूं कि यह प्रतिबंध जल्द से जल्द हटा लिया जाए।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश

Facebook


