अनाज और दालों की कीमतें काफी हद तक स्थिर : सरकार
अनाज और दालों की कीमतें काफी हद तक स्थिर : सरकार
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बी एल वर्मा ने मंगलवार को संसद को बताया कि अनाज के रिकॉर्ड उत्पादन और सरकार के पास पर्याप्त भंडार के कारण पिछले एक साल में अनाज और दालों की खुदरा कीमतें काफी हद तक स्थिर रही हैं।
वर्मा ने राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि सब्जियों में आलू की कीमतें काफी हद तक स्थिर रही हैं, जबकि टमाटर और प्याज की कीमतों में मामूली मौसमी उतार-चढ़ाव देखा गया।
उन्होंने कहा कि हालांकि, आयात पर अत्यधिक निर्भरता के कारण देश में खाद्य तेल की कीमतें वैश्विक बाजार के रुझानों के प्रति संवेदनशील बनी हुई हैं।
वर्मा ने कहा कि उपभोक्ता मामलों का विभाग देश भर में 579 मूल्य निगरानी केंद्रों द्वारा प्रस्तुत 41 खाद्य वस्तुओं के दैनिक मूल्यों की निगरानी करता है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में 3,765.63 लाख टन के रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन और सरकार के पास पर्याप्त भंडार की उपलब्धता की वजह से, पिछले एक वर्ष में अनाज और दालों के खुदरा मूल्य काफी हद तक स्थिर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रमुख सब्जियों में, आलू की कीमतें उल्लेखनीय रूप से स्थिर हैं, जबकि टमाटर और प्याज की कीमतों में मामूली मौसमी बदलाव दिखे, लेकिन वे काफी हद तक स्थिर रहे। खाद्य तेलों के मामले में, भारत का आयात पर निर्भर होना कीमतों को वैश्विक बाजार के रुझानों के प्रति संवेदनशील बनाता है।
वर्मा ने कहा कि सरकार अंतर-मंत्रालयी समिति (आईएमसी) द्वारा नियमित समीक्षाओं के माध्यम से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों और उपलब्धता तथा बाजार के रुझानों पर करीबी नजर रखती है।
समिति नियमित रूप से आवश्यक कृषि-बागवानी वस्तुओं की कीमतों के रुझान और संभावना की समीक्षा करती है तथा घरेलू उत्पादन में वृद्धि और निर्यात-आयात नीतियों में युक्तिकरण के माध्यम से उपलब्धता बढ़ाने के उपाय सुझाती है।
भाषा अविनाश सुभाष
सुभाष

Facebook


