उच्च न्यायालय ने ममता के गुट को बिड़ला तारामंडल के सामने रैली की अनुमति देने का दिया निर्देश
उच्च न्यायालय ने ममता के गुट को बिड़ला तारामंडल के सामने रैली की अनुमति देने का दिया निर्देश
कोलकाता, 15 जुलाई (भाषा) कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बुधवार को पुलिस को निर्देश दिया कि वह तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को बिड़ला तारामंडल के पास 21 जुलाई को ‘शहीद दिवस’ रैली आयोजित करने की अनुमति दे।
टीएमसी कई वर्षों से मध्य कोलकाता के एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के सामने 21 जुलाई को शहीद दिवस रैली आयोजित करती आ रही है।
उच्च न्यायालय ने विक्टोरिया हाउस के सामने से रैली का स्थान बदलकर बिड़ला तारामंडल के पास करने का आदेश मुख्य रूप से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से दिया।
अनुमति के अनुरोध वाली याचिका पर सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने कोलकाता पुलिस को निर्देश दिया कि वह टीएमसी के ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट को 21 जुलाई की शहीद दिवस रैली बिड़ला तारामंडल के सामने वाली सड़क पर आयोजित करने की अनुमति दे।
कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके में शहीद दिवस की दो अन्य रैलियां भी प्रस्तावित होने का उल्लेख करते हुए अदालत ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करें। इलाके में एक रैली कांग्रेस की और दूसरी टीएमसी के प्रतिद्वंद्वी गुट की आयोजित होने वाली है।
न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने कोलकाता पुलिस को निर्देश दिया कि वह याचिकाकर्ता को बिड़ला तारामंडल के सामने सड़क के एक हिस्से पर रैली आयोजित करने की अनुमति दे, जबकि सड़क के दूसरे हिस्से को वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रखा जाए।
अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता पार्टी को यह प्रयास करना चाहिए कि रैली में शामिल होने वाले लोगों की संख्या 2,500 तक सीमित रहे।
कोलकाता पुलिस को निर्देश दिया गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाए, क्योंकि उसी दिन तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन रैलियां आयोजित की जाएंगी।
अदालत ने निर्देश दिया कि यह रैली 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे से शाम 3:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
न्यायमूर्ति भट्टाचार्य ने निर्देश दिया कि याचिकाकर्ता कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) को 20 कार्यकर्ताओं के नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराएंगे, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि अदालत के आदेश का पालन हो।
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी नीत टीएमसी की ओर से एस्प्लेनेड स्थित विक्टोरिया हाउस के सामने रैली आयोजित करने के अनुरोध को मंजूरी देना संभव नहीं है, क्योंकि इससे उत्तर और मध्य कोलकाता को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित हो सकता है।
शहीद दिवस रैली की अनुमति के लिए याचिका पेश करते हुए गुट के वकील कल्याण बनर्जी ने कहा कि यह रैली दो या तीन साल को छोड़कर 1993 से ममता बनर्जी के नेतृत्व में मध्य कोलकाता में विक्टोरिया हाउस के सामने आयोजित की जाती रही है।
कल्याण बनर्जी ने बताया कि पुलिस ने शहीद दिवस के आयोजन के लिए दो अन्य रैलियों की अनुमति दी है, एक रैली दूसरे गुट द्वारा मेयो रोड पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने और दूसरी कांग्रेस पार्टी द्वारा शहीद मीनार मैदान में आयोजित की जाएगी। दोनों ही रैलियां 21 जुलाई को होंगी।
ममता बनर्जी गुट की याचिका में एस्प्लेनेड में विक्टोरिया हाउस के आस-पास के इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत कोलकाता पुलिस द्वारा लगाए गए निषेधाज्ञा के आदेश को चुनौती दी गई है।
कल्याण बनर्जी ने एस्प्लेनेड में मेट्रो चैनल या बिड़ला तारामंडल के सामने एक वैकल्पिक जगह का सुझाव दिया, जो उस दिन होने वाली अन्य दो रैलियों से लगभग कुछ किलोमीटर दूर है।
उन्होंने बताया कि 21 जुलाई 1993 को एक रैली के दौरान कांग्रेस के 13 कार्यकर्ता मारे गए थे। उस वक्त ममता बनर्जी युवा कांग्रेस की अध्यक्ष थीं। तब से इस दिन को पार्टी शहीद दिवस के रूप में मनाती आ रही है।
पश्चिम बंगाल सरकार और पुलिस अधिकारियों ने पहले से अनुमति प्राप्त दो अन्य रैलियों के नजदीक यह कार्यक्रम आयोजित करने की मांग का विरोध किया। उनका कहना था कि ऐसा करने से कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
भाषा आशीष शफीक
शफीक

Facebook


