नर्सों का सहयोग और सम्मान करने वाली स्वास्थ्य सेवा प्रणाली बनानी होगी : राहुल

Ads

नर्सों का सहयोग और सम्मान करने वाली स्वास्थ्य सेवा प्रणाली बनानी होगी : राहुल

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 04:41 PM IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एक ऐसी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली बनाने का आह्वान किया, जो नर्सों का सहयोग, सम्मान और सशक्तीकरण करे।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी आवाज को ‘‘हमारी प्राथमिकताओं का मार्गदर्शन करना चाहिए’’ क्योंकि भारत का स्वास्थ्य सेवा भविष्य इस पर निर्भर करता है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने केरल की नर्सों के एक समूह के साथ अपनी हालिया बातचीत का एक वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और कहा कि इस बातचीत ने उन्हें उस शक्ति के बारे में समझने का अवसर दिया, जो स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत रखती है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मुझे हाल ही में दिल्ली में काम कर रही केरल की नर्सों के एक समूह के साथ बातचीत करने का सौभाग्य मिला…नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की नींव हैं, नर्सों का समर्पण, निस्वार्थ भाव और सहानुभूति ही परिवारों को अपने प्रियजनों को किसी और की देखभाल में सौंपने का साहस देती है।’’

उन्होंने कहा कि कई मायनों में वे चिकित्सा का मानवीय चेहरा हैं।

गांधी ने कहा, ‘‘हमें एक ऐसी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली बनाने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए जो हमारी नर्सों का सहयोग, सम्मान और सशक्तीकरण करे। मैं उनकी सेवा और उनकी ईमानदारी के लिए उनका बहुत आभारी हूं। उनकी आवाज को हमारी प्राथमिकताओं का मार्गदर्शन करना चाहिए। भारत का स्वास्थ्य सेवा भविष्य इस पर निर्भर करता है।’’

यह वीडियो केरल में नौ अप्रैल को होने वाले चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन का है। राज्य में मतगणना चार मई को होगी।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा