झारखंड: इस्पात संयंत्र की भट्ठी में विस्फोट; 9 घायलों में से 3 की इलाज के दौरान मौत

Ads

झारखंड: इस्पात संयंत्र की भट्ठी में विस्फोट; 9 घायलों में से 3 की इलाज के दौरान मौत

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 07:15 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 07:15 PM IST

रामगढ़, सात अप्रैल (भाषा) झारखंड के रामगढ़ में एक निजी इस्पात संयंत्र की भट्ठी में हुए विस्फोट में घायल नौ लोगों में से तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सोमवार तड़के करीब 4 बजे हेसला इलाके के इस्पात संयंत्र में हुए विस्फोट में नौ मजदूर घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उनमें से सात लोग 60 प्रतिशत से अधिक झुलस गए और उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

राज्य के मुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष कुमार सिन्हा ने बताया, ‘‘बेहतर इलाज के लिए रांची लाए गए सात मजदूरों में से तीन की इलाज के दौरान मौत हो गई।’’

उन्होंने बताया कि विस्फोट की जांच के लिए श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

सिन्हा ने कहा, ‘‘टीम मौके पर पहुंच चुकी है और उसने जांच शुरू कर दी है।’’

मृतकों की पहचान अखिल राय, बृजलाल बेदिया और महेश के रूप में हुई है।

रामगढ़ के अंचलाधिकारी रमेश रविदास ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद हुए समझौते के अनुसार, संयंत्र प्रबंधन द्वारा प्रत्येक मृतक के परिवार को मुआवजे के तौर पर 21 लाख रुपये दिए जाएंगे।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने सोमवार को इस्पात संयंत्र प्रबंधन को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।

भाषा सुभाष दिलीप

दिलीप