अमेरिका ने ईरान के तेल उद्योग के लिए अहम खार्ग द्वीप पर फिर से हमला किया

Ads

अमेरिका ने ईरान के तेल उद्योग के लिए अहम खार्ग द्वीप पर फिर से हमला किया

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 07:18 PM IST

वाशिंगटन, सात अप्रैल (एपी)अमेरिका ने एक बार फिर ईरान के तेल उद्योग के लिए अति अहम खार्ग द्वीप पर हमला किया है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने पहचान गुप्त रखने की शर्त पर यह जानकारी दी।

अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि अमेरिका ने द्वीप पर स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ये हमले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को मांगों को मानने या बड़े हमले का सामना करने के लिए निर्धारित की गई समय सीमा से कुछ घंटे पहले हुए।

इस बीच ट्रंप ने मंगलवार सुबह एक बार फिर धमकी दी कि अगर ईरान ने समझौता नहीं किया तो ‘‘पूरी सभ्यता आज रात ही खत्म हो जाएगी’’।

ट्रंप ने द्वीप पर महत्वपूर्ण तेल अवसंरचना पर कब्जा करने के लिए जमीन पर सैनिकों को भी उतारने की धमकी दी है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के अभियान में कई अमेरिकी सैन्य कर्मियों की जान जाएगी और यह युद्ध को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम नहीं होगा।

इंस्टीट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर और अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट के क्रिटिकल थ्रेट्स प्रोजेक्ट द्वारा उपग्रहों से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर किये विश्लेषण के मुताबिक युद्ध के शुरुआती दौर में अमेरिका ने द्वीप पर कई ठिकानों पर हमला किया था, जिनमें हवाई सुरक्षा, एक रडार साइट, एक हवाई पट्टी और एक होवरक्राफ्ट बेस शामिल थे।

इससे पहले अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर ने एक खबर में कहा था कि खार्ग द्वीप पर कई विस्फोट हुए हैं, लेकिन उसने विस्तृत जानकारी नहीं दी थी।

एपी धीरज पवनेश

पवनेश