दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप, अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप, अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज

दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप, अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
Modified Date: June 8, 2026 / 10:10 pm IST
Published Date: June 8, 2026 10:10 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा और रिज क्षेत्र वेधशाला में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

दिल्ली के सफदरजंग वेधाशाला पर तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। पालम में 41.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि लोदी रोड और आयानगर में क्रमशः 42.6 और 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

वहीं, सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 1.6 डिग्री अधिक है।

आईएमडी के अनुसार, हालांकि बारिश से कुछ स्थानों पर थोड़ी राहत मिली। सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे की कुल वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, केवल पालम और आयानगर में हल्की बारिश हुई लेकिन सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच किसी भी वेधशाला में बारिश दर्ज नहीं की गई।

पिछले कुछ दिनों में शहर के तापमान में मामूली वृद्धि हुई है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस और शनिवार को 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, 10 जून तक अधिकतम तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 43 डिग्री तक पहुंच सकता है, और उसके बाद 11 जून से आंधी की वजह से तापमान में गिरावट आ सकती है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 151 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

राखी धीरज

धीरज


लेखक के बारे में