दिल्ली में लू चलने की संभावना, वायु गुणवत्ता मध्यम

Ads

दिल्ली में लू चलने की संभावना, वायु गुणवत्ता मध्यम

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 11:33 AM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 11:33 AM IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में मंगलवार को इस साल पहली बार ऊष्ण लहर की स्थिति रहने की संभावना है, वहीं, अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 2.2 डिग्री कम है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है, जबकि पालम में 22.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है।

लोधी रोड पर तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम था, जबकि रिज पर तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था।

आयानगर में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने कहा है कि 22 से 24 अप्रैल तक ऊष्ण लहर की संभावना है और इस दौरान अधिकतम तापमान में और वृद्धि होकर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।

जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है, तब ऊष्ण लहर की स्थिति घोषित की जाती है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शहर की वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बनी रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक 171 रहा।

सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा तान्या वैभव

वैभव