Chhattisgarh Heavy Rain IMD Alert || Image- Business Today File
भुवनेश्वरः Heavy Rain भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक नया क्षेत्र बना है, जिसके प्रभाव से ओडिशा, छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में चार सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। एक अधिकारी ने बताया कि राज्य प्रशासन ने उत्तरी और तटीय इलाकों में संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं। अधिकारी ने बताया कि ओडिशा के कुछ हिस्से पहले से ही बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे राज्य के तीन जिलों में 67,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
Heavy Rain आईएमडी ने इससे पहले 20 अगस्त से चार सितंबर के बीच ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। शनिवार को आईएमडी ने बाढ़ प्रभावित जिलों बालासोर, भद्रक, जगतसिंहपुर, क्योंझर, केंद्रपाड़ा और मयूरभंज के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। इसके अलावा जाजपुर, कटक, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बरगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, कालाहांडी, पुरी और नयागढ़ में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
आईएमडी ने कहा कि 31 अगस्त तक ओडिशा के तट और उससे लगे समुद्री क्षेत्र में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कभी-कभी इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने इस दौरान मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।