अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
ईटानगर, 12 अगस्त (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 13 अगस्त की सुबह तक भारी बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी के अनुसार, पापुम पारे जिले के अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है जबकि पक्के केसांग जिले के अलग-अलग क्षेत्रों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने, अत्यधिक वर्षा के समय अनावश्यक यात्रा से बचने तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है।
लोगों को जल-जमाव, बाढ़, भूस्खलन तथा संवेदनशील क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने जैसी संभावित बाधाओं के प्रति भी सचेत रहने के लिए कहा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों जिलों में स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
आईएमडी ने किसानों और बाहरी श्रमिकों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है तथा नदियों, नालों और भूस्खलन-संभावित ढलानों के पास रहने वाले निवासियों से आग्रह किया है कि यदि आवश्यक हो तो वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
भाषा प्रीति प्रशांत
प्रशांत

Facebook


