दिल्ली में झमाझम बारिश, उमस से राहत, यातायात प्रभावित

Ads

दिल्ली में झमाझम बारिश, उमस से राहत, यातायात प्रभावित

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 11:00 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 11:00 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरे मौसम से राहत मिली।

हालांकि, बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ तथा जगह-जगह जल-जमाव हो गया।

इस बीच, दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से राष्ट्रीय राजमार्ग24 पर बार-बार होने वाली जलभराव की समस्या को हल करने के लिए सड़क को ऊंचा करने को कहा।

एनएचएआई और दिल्ली सरकार से जुड़े मुद्दों पर ‘यूटी लेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी’ की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कई निर्देश दिए गए, जिनमें महिपालपुर टी-पॉइंट पर जलभराव का मुद्दा भी शामिल था।

भारी बारिश के कारण बृहस्पतिवार इस साल अगस्त में दिल्ली का सबसे ज़्यादा बारिश वाला दिन बन गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक लोदी रोड पर सबसे ज़्यादा 60.4 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में 56.0 मिमी रिज में 54.4 मिमी, आयानगर में 22.3 मिमी और पालम में 14.6 मिमी बारिश हुई।

बारिश की वजह से शहर में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.6 डिग्री कम था।

लोधी रोड पर यह 27.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.2 डिग्री कम), पालम में 27.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 7.1 डिग्री कम), रिज में 27.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.4 डिग्री कम) और आयानगर में 27.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 6.8 डिग्री कम) रहा।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रहा। सफदरजंग में तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम था। लोधी रोड क्षेत्र में यह 25.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम); आयानगर में 25.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.2 डिग्री कम); पालम में 23.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.6 डिग्री कम); और रिज में 22.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.7 डिग्री कम) रहा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में आमतौर पर बादल छाए रहने और भारी बारिश का अनुमान जताया है, और ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

आज बारिश के कारण संगम विहार सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाकों में से एक रहा जहां सड़कें पानी में डूब गईं और यातायात बुरी तरह बाधित हुआ। सैनिक फार्म, शास्त्री पार्क, रोहतक रोड, तुगलकाबाद, लाल किले के पास और आईटीओ के कुछ हिस्सों में भी जलभराव की सूचना मिली।

अरुणा आसफ अली मार्ग, शहीद जीत सिंह मार्ग, बेर सराय, जेएनयू गेट-जिया सराय स्ट्रेच, धौला कुआँ और रजोकरी फ्लाईओवर के बीच एनएच-48 (गुरुग्राम की ओर), एमबी रोड, कालिंदी कुंज, नजफगढ़, राजधानी पार्क-मुंडका, आइटीओ-लक्ष्मी नगर स्ट्रेच, अक्षरधाम सहित कई मुख्य सड़कों पर भारी जाम की सूचना मिली।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, अपराह्न चार बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 74 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

बोर्ड के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल