तिरुवनंतपुरम, 12 अक्टूबर (भाषा) केरल के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई। वहीं भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के 14 जिलों में से तीन के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
आईएमडी ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और पत्तनमतिट्टा जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम जिलों के लिए बृहस्पतिवार की खातिर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
विभाग ने शुक्रवार के लिए सात जिलों-तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनमतिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम और इडुक्की में भी ‘यलो अलर्ट’ जारी किया।
‘ऑरेंज अलर्ट’ में छह से 20 सेंटीमीटर और ‘येलो अलर्ट’ में छह से 11 सेमी तक भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर जिलों में दिन में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
भाषा खारी अविनाश
अविनाश