राजस्थान के पूर्वी भागों में जोरदार बारिश
राजस्थान के पूर्वी भागों में जोरदार बारिश
जयपुर, 22 जुलाई (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून के फिर सक्रिय होने से राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश हो रही है और बुधवार सुबह तक पिछले 24 घंटे में राज्य के पूर्वी भागों में भारी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहेगा।
विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश हुई। पश्चिमी भाग में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक बारां के छींपा बड़ौद में 14 सेंटीमीटर बारिश हुई।
इसी तरह टोंक के उनियारा और झालावाड़ के खानपुर में नौ-नौ सेंटीमीटर, बूंदी के तालेड़ा और राजसमंद के आमेट में सात-सात सेंटीमीटर तथा जयपुर के कोटपूतली, कोटा के लाडपुरा, बारां के अटरू, अलवर के बानसूर और भीलवाड़ा के मांडल सहित अनेक स्थानों पर पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा भरतपुर, पाली, जोधपुर, हनुमानगढ़ और बीकानेर समेत कई जिलों में एक से पांच सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 22 से 26 जुलाई के दौरान कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर भागों में बारिश होने तथा कहीं-कहीं भारी और एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
भाषा पृथ्वी
सिम्मी
सिम्मी

Facebook


