नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 23 हो गई, क्योंकि भारी बारिश के कारण केंद्र शासित प्रदेश में भूस्खलन और अचानक बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश से बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित हुआ।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 20 और 21 जुलाई को जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा तथा 20 जुलाई को उत्तराखंड, बिहार तथा असम एवं मेघालय में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है।
आईएमडी ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में मानसून सक्रिय बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कमजोर पड़ने और उत्तर भारत में मानसूनी हवाओं के मजबूत होने से मानसून की गतिविधियां तेज हुई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू कश्मीर सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां जम्मू संभाग में वर्षा संबंधी घटनाओं में एक महिला और उसके दो बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही पिछले दो दिनों में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि दिन की शुरुआत में पुंछ और राजौरी के बाढ़ प्रभावित जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से बचाव और राहत कार्यों में रुकावट आई और सात लोग लापता हैं। मौसम बेहतर होने पर तलाश की कोशिशें तेज की गईं, लेकिन टीम अब तक लापता लोगों का पता नहीं लगा पाई हैं।
उत्तराखंड में लगातार बारिश से हुए भूस्खलनों के कारण चार राष्ट्रीय राजमार्गों समेत करीब 150 सड़कें बंद हो गईं। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने सोमवार को चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी।
बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में सरयू नदी में आठ वर्षीय एक बच्चा बह गया।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, टिहरी और हरिद्वार जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर ‘रेड अलर्ट’ तथा राज्य के अन्य जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। राज्यभर के प्रशासन को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भारी वर्षा की चेतावनी और विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए राज्य के सभी जिलों में कक्षा एक से 12 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग द्वारा जारी ‘रेड अलर्ट’ के मद्देनजर कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों के सभी शिक्षण संस्थानों को 21 जुलाई को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर तथा मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी वर्षा को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के लिए आईएमडी ने ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में ‘अत्यधिक भारी वर्षा’ की चेतावनी दी है।
विभाग ने कहा कि सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी रहेगा, जबकि 21 से 25 जुलाई तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ‘येलो अलर्ट’ रहेगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई दिनों की उमस और गर्मी के बाद हल्की बारिश होने से लोगों को राहत मिली।
आईएमडी ने अगले दो दिनों के लिए सामान्यतः बादल छाए रहने और भारी वर्षा की संभावना के मद्देनजर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई तथा अगले कुछ दिनों में और वर्षा होने की संभावना है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप