बाराबंकी (उप्र), 16 अप्रैल (भाषा) घाघरा नदी पर संजय सेतु की मरम्मत का काम शुरू होने के बाद बाराबंकी-बहराइच मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन दो महीने तक प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि बाराबंकी और बहराइच के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-927 पर भारी वाहनों के आवागमन पर 16 अप्रैल से अगले दो महीनों तक पूरी तरह रोक रहेगी।
उन्होंने कहा कि रामनगर थाना क्षेत्र में स्थित पुल की मरम्मत की जा रही है, जिसके कारण यातायात मार्ग परिवर्तन आवश्यक हो गया है।
पुलिस ने बाराबंकी से गोंडा या बहराइच की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए सीतापुर (चहलारी घाट) और अयोध्या के रास्ते वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की है। दोपहिया, कार और ऑटो सहित हल्के वाहनों के लिए, घाघरा नदी पर एक पोंटून पुल के माध्यम से आवाजाही की सुविधा प्रदान की गई है।
सुचारू यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए, चौपुला, रामनगर तिराहा, चौकाघाट, सफदरगंज क्रॉसिंग और बदोसराय क्रॉसिंग सहित प्रमुख जंक्शनों पर दो पालियों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि पोंटून पुल के चालू होने से लोगों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी कठिनाइयों में राहत मिली है और इससे आसपास के क्षेत्रों में यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।
भाषा सं जफर नेत्रपाल
नेत्रपाल