हिमाचल: रोहड़ू अदालत और एसडीएम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी

Ads

हिमाचल: रोहड़ू अदालत और एसडीएम दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 12:31 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 12:31 PM IST

शिमला, छह मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय अदालत और उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक पोस्टर मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार भराड़ी इलाके में एक दीवार पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हाथ से लिखा पोस्टर चिपकाया गया था, जिसमें बुधवार को रोहड़ू अदालत और एसडीएम दफ्तर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई, दोनों इमारतों को खाली करा लिया गया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। शिमला से बम निरोधक दस्ता भी मौके पर रवाना किया गया।

शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि परिसर की गहन तलाशी जारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और स्थिति नियंत्रण में है। शिमला के सदर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।’’

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं, शांति बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें।

यह इस सप्ताह शिमला में बम की दूसरी धमकी है। सोमवार को स्कूलों में बम धमाके की धमकी भरा एक ईमेल मिला था, लेकिन तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा