हिमाचल के राज्यपाल ने राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए

Ads

हिमाचल के राज्यपाल ने राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान किए

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 09:57 PM IST

शिमला, पांच सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने शनिवार को कहा कि एक शिक्षक छात्रों में मूल्य और संस्कार विकसित करता है, उनके जीवन को दिशा देता है और कक्षाओं में ही किसी भी राष्ट्र के भविष्य को आकार देता है।

लोक भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में 32 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार प्रदान करने के साथ-साथ एक शिक्षक को वर्ष 2025 का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

राज्यपाल ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में शिक्षक, अभिभावक और छात्र,सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि शिक्षकों को शिक्षा और संस्कार प्रदान करने की अपनी जिम्मेदारी के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।

पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात शिक्षाविद् और दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक न केवल छात्रों के भविष्य, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

राष्ट्र निर्माण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए राज्यपाल ने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए युवाओं की सक्रिय और सार्थक भागीदारी आवश्यक होगी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा अब केवल परीक्षाओं और डिग्रियों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसमें ज्ञान, कौशल, रचनात्मकता, नवाचार, अनुसंधान और चरित्र निर्माण पर लगातार अधिक जोर दिया जा रहा है।

भाषा संतोष माधव

माधव