हिमाचल: 28 से 31 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

Ads

हिमाचल: 28 से 31 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 10:24 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 10:24 PM IST

शिमला, 27 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को हल्की से भारी बारिश हुई, वहीं मौसम विभाग ने 28 से 31 जुलाई के बीच राज्य के विभिन्न स्थानों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

शिमला मौसम केंद्र ने मंगलवार शाम तक मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अचानक बाढ़ आने की चेतावनी दी है।

बीते कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और अचानक बाढ़ के बाद राज्य में कुल 108 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा कुल 38 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और नौ बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, मंडी में लगभग 39, कुल्लू में 33, शिमला में 11, सिरमौर में नौ, चंबा में सात, कांगड़ा में पांच, लाहौल और स्पीति में तीन सड़कें बंद हैं।

शिमला मौसम केंद्र ने सोमवार को 28 से 31 जुलाई तक चार से पांच जिलों के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया।

यह अलर्ट 28 जुलाई को बिलासपुर और सिरमौर; 29 जुलाई को सिरमौर; 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर; और 31 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा व शिमला जिलों के लिए जारी किया गया है।

शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार, एक अगस्त तक राज्यभर में मानसून सक्रिय रहेगा और अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई देर रात से 31 जुलाई के बीच कई इलाकों में लगातार हल्की से मध्यम बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से नदियों और नदी-नालों के पास जाने से बचने और मौसम की चेतावनियों पर ध्यान देने का आग्रह किया है।

सोमवार शाम चार बजे तक बीते 24 घंटों में कंडाघाट में 106.4 मिमी, काहू में 40.2 मिमी, कोठी में 39.2 मिमी, सराहन में 34.5 मिमी, जोगिंदर नगर में 31 मिमी, जट्टों बैराज में 24.4 मिमी, शिमला में 17.8 मिमी और कुफरी में 15 मिमी बारिश दर्ज की गई।

तापमान के मामले में, कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां रात का तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में दिन का तापमान सर्वाधिक 34 डिग्री सेल्सियस रहा।

राज्य में मानसून 30 जून को पहुंचा और उसके बाद से हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और अचानक बाढ़ के कारण अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है।

भाषा सुमित अविनाश

अविनाश