ऊना, छह अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में कक्षा छह की एक छात्रा को एक कमरे में घंटों बंधक बनाकर रखे जाने और उसका कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मामले के पांचों आरोपी फरार हैं। उसने बताया कि घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
नाबालिग पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने घटना की शिकायत पुलिस से करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने कहा कि शुक्रवार शाम अपनी बहन के साथ पास की किराने की दुकान से लौटते समय कुश नाम के एक व्यक्ति ने उसे पकड़ लिया।
शिकायत के मुताबिक, जब पीड़िता ने कुश का विरोध किया तो चार नकाबपोश व्यक्ति घटनास्थल पर पहुंच गए और उसे कथित तौर पर एक कमरे तक ले जाने में कुश की मदद की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुश ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसका यौन उत्पीड़न किया तथा उसे रात भर कमरे में बंधक बनाकर रखा।
इसमें कहा गया है कि अगली दोपहर पीड़िता किसी तरह कमरे से भागने और अपने गांव को जाने वाली सड़क तक पहुंचने में कामयाब रही, जहां एक ग्रामीण ने पिता तक पहुंचने में उसकी मदद की।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है।
हरोली के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मोहन रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी कुश और चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि दोषियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित की जाएगी।
भाषा पारुल माधव
माधव