शिलांग, एक अप्रैल (भाषा) मेघालय के पूर्वी खासी पर्वतीय जिले में एक विद्यालय को ग्राम प्रशासन और छात्र संघ के सदस्यों ने खासी भाषा को विषय के रूप में शामिल न करने के कारण बंद कर दिया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मदनर्टिंग क्षेत्र के मदन हिंदी पाठशाला माध्यमिक विद्यालय को बंद करने का आदेश दिया गया है क्योंकि शिकायतें मिली थीं कि खासी भाषा नहीं पढ़ाये जाने के कारण स्थानीय विद्यार्थियों को मैट्रिक परीक्षा में इस विषय के लिए उपस्थित होने का अवसर नहीं मिल पा रहा था।
सूत्रों के अनुसार, स्थानीय प्रधान और ग्राम सचिव, खासी छात्र संघ (केएसयू) के नेताओं के साथ बुधवार को स्कूल गए और प्रधानाचार्य से बातचीत करने पर खासी विषय के न होने की जानकारी मिलने पर वे कक्षाओं में गये एवं विद्यार्थियों को स्कूल से चले जाने कहा।
सूत्रों के मुताबिक प्रधान ने स्कूल को बंद करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि अगर खासी भाषा को पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग पूरी नहीं की गई तो स्कूल को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
ग्रामप्रशासन ने कहा कि उसने पिछले साल इस मुद्दे पर स्कूल की प्रबंध समिति को आवेदन दिया था और उससे खासी को एक विषय के रूप में शामिल करने का आग्रह किया था।
उसने बताया कि प्रबंध समिति ने मौजूदा शैक्षणिक सत्र से इस विषय को लागू करने का लिखित आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा करने में वह विफल रही।
स्कूल प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश