गृहमंत्री अमित शाह ने उधमपुर सड़क हादसे पर शोक और परिजनों के प्रति संवेदना जतायी

Ads

गृहमंत्री अमित शाह ने उधमपुर सड़क हादसे पर शोक और परिजनों के प्रति संवेदना जतायी

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 06:18 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 06:18 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को उधमपुर बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “उधमपुर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपना जीवन गंवाने वालों के परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता से लगा हुआ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को एक बस के पहाड़ी से लुढ़कने की वजह से 21 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए।

बस के सड़क से लुढ़कने से पहले एक ऑटो रिक्शा भी उसकी चपेट में आ गया।

यह हादसा तब हुआ जब रामनगर क्षेत्र के पहाड़ी इलाके के कागोर्त गांव के पास एक मोड़ पर सुबह करीब 10 बजे एक निजी बस चालक बस का नियंत्रण खो बैठा। घटना स्थल से गुजर रही सेना की टुकड़ी ने बचाव अभियान का नेतृत्व किया।

बस में 50 यात्री सवार थे जिनमें ज्यादातर रोजमर्रा के काम के लिए रामनगर से उधमपुर जा रहे थे।

हादसे में वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर लोहे के ढेर में बदल जाने तथा उसका ऊपरी हिस्सा टूटकर अलग हो जाने के कारण बचाव अभियान अत्यंत चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।

भाषा नरेश

नरेश