प्रधान का सम्मान करना लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है: राहुल

Ads

प्रधान का सम्मान करना लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है: राहुल

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 10:34 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को आरोप लगाया कि संसद परिसर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का सम्मान किया जाना ‘‘लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न’’ है।

गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि प्रधान ‘‘भ्रष्टाचार और भारत की बर्बाद शिक्षा व्यवस्था के प्रतीक हैं और हमेशा रहेंगे।’’

उन्होंने दावा किया कि इसी व्यवस्था ने 26 बच्चों की जान ली और लाखों युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर किया।

गांधी ने कहा कि प्रधान को इस्तीफा भी ‘‘नैतिकता से नहीं, युवाओं के आक्रोश से डरकर’’ देना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘और आज उसी व्यक्ति को संसद में भाजपा माला पहना रही है। यह कोई सम्मान नहीं—लाखों बच्चों के भविष्य की बर्बादी का जश्न है।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘देश का हर छात्र यह देख रहा है और इसमें शामिल हर चेहरे को याद रखेगा।’’

उल्लेखनीय है कि प्रधान शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफे के बाद सोमवार को जब पहली बार संसद पहुंचे तो भाजपा के कुछ सांसदों उनका स्वागत किया। बिहार के दरभंगा से लोकसभा सदस्य गोपालजी ठाकुर ने उन्हें ‘पाग’ (मिथिला की पारंपरिक टोपी) पहनाई।

भाषा हक प्रशांत

प्रशांत

ताजा खबर