उम्मीद है परिसीमन की प्रक्रिया ‘अतार्किक तरीके’ से नहीं होगी : महबूबा मुफ्ती

Ads

उम्मीद है परिसीमन की प्रक्रिया ‘अतार्किक तरीके’ से नहीं होगी : महबूबा मुफ्ती

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 04:50 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 04:50 PM IST

श्रीनगर,15 अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने संसद के बजट सत्र की तीन दिवसीय विस्तारित बैठक शुरू होने से पहले बुधवार को उम्मीद जतायी कि परिसीमन की प्रक्रिया ‘अतार्किक’ तरीके से नहीं की जाएगी।

संसद के विस्तारित बजट सत्र 16 से 18 अप्रैल के दौरान सरकार द्वारा परिसीमन विधेयक पेश किया जाना है।

महबूबा मुफ्ती ने उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘परिसीमन होगा। मेरे या आपके कुछ कहने से कुछ नहीं होगा। भाजपा के पास भारी बहुमत है और वे अपनी मनमर्जी करेंगे। परिसीमन 2026-27 में होना ही है और यह होकर रहेगा।’’

जम्मू- कश्मीर में 2023 में विधानसभा और संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उक्त प्रक्रिया ‘अतार्किक’ थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि पिछली बार जिस तरह से परिसीमन हुआ था, जो कि अतार्किक था, वैसा इस बार नहीं होगा। निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाना बंटवारा हुआ था और जम्मू के हिंदू बहुल इलाकों में कम मतदाताओं वाले निर्वाचन क्षेत्र बनाए गए थे। मुझे उम्मीद है कि इस बार निर्वाचन क्षेत्रों का ऐसा अतार्किक वितरण नहीं होगा।’’

महबूबा मुफ्ती ने महिला आरक्षण विधेयक में संशोधनों के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनकी पार्टी महिला सशक्तिकरण का समर्थन करती है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि महिलाएं सशक्त हों। उन्हें संसद और विधानसभाओं में उनका हिस्सा मिलना चाहिए।’’

भाषा धीरज नरेश

नरेश