भारत के राजदूत क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद सेशंस से मुलाकात की

Ads

भारत के राजदूत क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद सेशंस से मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 02:08 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 02:08 PM IST

वाशिंगटन, 17 अप्रैल (भाषा) अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सांसद पीट सेशंस के साथ पारस्परिक राष्ट्रीय हितों के मुद्दों पर बातचीत की और दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी के लिए उनके समर्थन की सराहना की।

क्वात्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की निगरानी समिति (हाउस ओवरसाइट कमेटी) की सरकारी परिचालन उपसमिति के अध्यक्ष सांसद पीट सेशंस के साथ दोनों देशों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर आज अच्छी बातचीत हुई। भारत एवं अमेरिका के बीच साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए उनके अटूट समर्थन की सराहना करता हूं।’’

सेशंस प्रतिनिधि सभा की वित्तीय सेवा समिति के भी वरिष्ठ सदस्य हैं।

क्वात्रा ने अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर और पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ’ब्रायन से भी पहले मुलाकात की थी।

ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं, जब भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के बारीक पहलुओं पर बातचीत कर रहे हैं।

फरवरी में भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने की घोषणा की थी। उस रूपरेखा के अनुसार, अमेरिका भारत के लिए शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ था।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष