‘हॉरर किलिंग’ : बेलगावी में युवती की हत्या की, परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार

Ads

'हॉरर किलिंग' : बेलगावी में युवती की हत्या की, परिवार के तीन सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 04:51 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 04:51 PM IST

बेलगावी (कर्नाटक), 14 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के बेलगावी जिले में ‘हॉरर किलिंग’ के संदिग्ध मामले में 24 वर्षीय युवती की उसके परिजनों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोप में युवती के भाई, चाचा और जीजा को गिरफ्तार किया गया है।

जांचकर्ताओं के अनुसार, मृतका की पहचान सत्यव्वा संतोष हेलवी (24) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि हेलवी अपने पति को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ फरार हो गई थी।

जांचकर्ताओं के अनुसार इससे परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने की आशंका से नाराज़ हेलवी के परिजनों ने कथित तौर पर उसका पता लगाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने पीड़िता को जबरन जहर पिलाया और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से श्मशान घाट ले जाकर उसके शव को जला दिया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना यमकनमार्डी थाने में दर्ज गुमशुदगी की शिकायत की जांच के दौरान सामने आई। शुरू में ठंडे बस्ते में चले गए इस मामले को बाद में इंस्पेक्टर जावेद मुशापुरे ने सघन जांच के जरिए सुलझा लिया।

अधिकारियों ने कहा कि परिजनों ने 13 मार्च को पीड़िता का पता लगा लिया था और उसे वापस लाने व अपने समुदाय में शादी करने के लिए मनाने की कोशिश की थी। जब उसने मना कर दिया, तो वे कथित तौर पर उसे एक सुनसान जगह पर ले गए और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता तब मिली जब उसने पीड़िता की मां का विश्वास जीता और उनसे घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीड़िता के चाचा प्रकाश भीमप्पा हेलवर (46), भाई शानूर सदाशिव हेलवर (35) और जीजा मोराबाद कल्लप्पा मयप्पा हेलवी (40) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सुमित पवनेश

पवनेश