मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर नीत एजेयूपी के प्रदेश सचिव गिरफ्तार, जाली नोट और हथियार बरामद

Ads

मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर नीत एजेयूपी के प्रदेश सचिव गिरफ्तार, जाली नोट और हथियार बरामद

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 12:09 AM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 12:09 AM IST

मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल), 19 सितंबर (भाषा) हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रदेश सचिव को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से बड़ी मात्रा में जाली नोट तथा अवैध हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह घटनाक्रम छह अक्टूबर को होने वाले रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव से कुछ दिन पहले हुआ है। एजेयूपी ने इस उपचुनाव के लिए कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को मैदान में उतारा है।

कबीर ने 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नवादा दोनों सीट पर जीत दर्ज करने के बाद नवादा सीट बरकरार रखी थी और रेजीनगर सीट खाली कर दी थी।

इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि आशिक इकबाल को शुक्रवार देर रात मुर्शिदाबाद जिले के हरिहरपाड़ा में पुलिस जांच चौकी पर वाहनों की जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि इकबाल के साथ यात्रा कर रहे एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, गरिनामा इलाके के पास एक एसयूवी को रोका गया और वाहन की तलाशी लेने पर 500 रुपये मूल्य के 108 जाली नोट, दो आग्नेयास्त्र और चार कारतूस बरामद किए गए।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल