हैदराबाद, 19 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के हैदराबाद में तीन लोगों ने चाकू से डराकर 16 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों में से दो नाबालिग हैं और यह घटना 16 फरवरी की रात को चेंगिचेरला इलाके के एक घर में हुई।
पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी का पहले से ही विभिन्न थानों में डकैती एवं चोरी सहित आठ मामलों में नाम दर्ज है और उसे 18 फरवरी को एक नाबालिग लड़के के साथ पकड़ लिया गया।
नाबालिग ही लड़की को बहला-फुसलाकर लाया था।
पुलिस ने बताया कि अपराध में शामिल एक अन्य नाबालिग लड़का अब भी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां ने 17 फरवरी को नरसिंगी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी 16 फरवरी को स्कूल गई थी और घर नहीं लौटी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि मामले की जांच के दौरान लड़की को 18 फरवरी को चेंगिचेरला से ढूंढ निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच में पता चला कि सात फरवरी को नाबालिग लड़की खरीदारी के लिए चारमीनार इलाके में गई थी और वहां उसकी मुलाकात एक 16 वर्षीय लड़के से हुई।
पुलिस ने बताया कि बाद में दोनों फोन पर संपर्क में रहे।
पुलिस के मुताबिक, वह 16 फरवरी को फिर से उस लड़के से मिली और उसी रात, नाबालिग लड़का और उसके दो दोस्त (जिनमें से एक नाबालिग था) उसे एक ऑटो-रिक्शा में चेंगिचेरला के एक घर में ले गए।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने लड़की को चाकू से धमकाया और जबरदस्ती शराब पिलाई व उसके बाद तीनों ने उसका यौन उत्पीड़न किया।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन