हैदराबाद: ‘खुले मैनहोल’ में गिरने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति बह गया
हैदराबाद: ‘खुले मैनहोल’ में गिरने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति बह गया
हैदराबाद, 29 जुलाई (भाषा) हैदराबाद में बारिश से जुड़ी एक घटना में 65 वर्षीय एक व्यक्ति कथित रूप से खुले मैनहोल में गिरने के बाद बह गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार रात मियापुर थाना क्षेत्र में आने वाले एक अंडरपास के पास हुई, जहां नाले की मरम्मत का काम चल रहा था।
मंगलवार शाम हैदराबाद में भारी बारिश हुई।
पुलिस ने बताया कि बालय्या नामक व्यक्ति के फिसलकर मैनहोल में गिरने और बह जाने की आशंका है। उसे तलाशने के लिए कई एजेंसियों की मदद से खोज अभियान शुरू किया गया है।
परिवार के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि मैनहोल खुला छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि नाले की मरम्मत का काम गर्मी के मौसम में किया जाना चाहिए था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि नगर निकाय के अधिकारियों ने घटनास्थल के पास चेतावनी बोर्ड लगाए थे और मरम्मत कार्य के चलते सड़क को बंद कर दिया गया था।
इस बीच, यहां स्थित भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम केंद्र ने 30 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक तेलंगाना के आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचेरियल, निर्मल, निजामाबाद, जगतियाल, विकाराबाद, संगारेड्डी, मेडक और कामारेड्डी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
आईएमडी ने यह भी चेतावनी दी है कि तेलंगाना के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


