अदालत से अनुरोध है कि वह रेलवे को मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का निर्देश दे:तृणमूल नेता स्वप्ना

Ads

अदालत से अनुरोध है कि वह रेलवे को मेरा इस्तीफा स्वीकार करने का निर्देश दे:तृणमूल नेता स्वप्ना

  •  
  • Publish Date - March 24, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - March 24, 2026 / 10:25 PM IST

कोलकाता, 24 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी बनायी गयीं अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ी स्वप्ना बर्मन ने मंगलवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय से रेलवे प्रशासन को उनका इस्तीफा स्वीकार करने का निर्देश देने का अनुरोध किया ताकि वह चुनाव लड़ सकें।

स्वप्ना के वकील ने जलपाईगुड़ी सर्किट पीठ में न्यायमूर्ति गौरांग कंठ के समक्ष कहा कि उनकी मुवक्किल के नियोक्ता, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) ने 27 फरवरी को सत्तारूढ़ पार्टी की प्रेसवार्ता में मौजूद रहने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू की। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने स्वप्ना को पार्टी की सदस्य बनाया है।

अंतरराष्ट्रीय एथलीट स्वप्ना ने कोलकाता में तृणमूल की प्रेसवार्ता में भाग लिया था और बाद में उन्हें जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज विधानसभा क्षेत्र से पार्टी की उम्मीदवार बनाया गया था।

उनके वकील ने बताया कि बर्मन ने 16 मार्च को एनएफआर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था, लेकिन इसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है, जिसके बाद उन्हें अपने इस्तीफे के समयबद्ध निस्तारण का निर्देश का अनुरोध करते हुए अदालत का रुख करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

एनएफआर के वकील ने अदालत के समक्ष कहा कि यदि स्वप्ना ‘अपनी गलती स्वीकार करती हैं, बर्खास्तगी की मांग करती हैं’ और कथित तौर पर एक राजनीतिक दल में शामिल होने के कारण अपनी पेंशन और सेवा से प्राप्त होने वाले अन्य लाभों को छोड़ने की इच्छा व्यक्त करती हैं, तो उनके इस्तीफे और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के अनुरोध पर तुरंत विचार किया जाएगा।

एनएफआर की ओर से डिप्टी सॉलिसिटर जनरल सुदीप्तो मजूमदार ने कहा कि मंगलवार शाम पांच बजे तक यदि स्वप्ना की ओर से ऐसा अनुरोध मिलता है तो अधिकृत प्रशासन 27 मार्च तक अपने फैसले से अवगत करायेगा।

मामले की अगली सुनवाई 27 मार्च को होगी

भाषा

राजकुमार अमित

अमित