नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली आने के दौरान इंडिगो की उड़ान में उन्हें पुरुषों के एक समूह द्वारा उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
तृणमूल सांसद ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पोस्ट में कहा कि यह घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 719 में हुई।
मोइत्रा ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा,‘‘मैं आज आधिकारिक काम से रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली आई थी। मैं उड़ान संख्या 6ई-719 में सीट नंबर 1एफ पर बैठी थी। चार-पांच लोग विमान में सवार हुए और मुझे घूरते हुए पिछले हिस्से में चले गए।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि विमान के हवाई अड्डे पर उतरने के बाद और विमान के दरवाजे खुलने से पहले, उन लोगों ने उसे परेशान किया और इस घटना का वीडियो बनाया।
मोइत्रा ने कहा, ‘‘यह कोई ‘नागरिकों का गुस्सा’ नहीं है। यह उत्पीड़न है और विमान में मेरी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। किसी भी हालत में ये बदमाश विमान के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच नहीं सकते।’’
मोइत्रा ने इंडिगो और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु को टैग करते हुए घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने विमान कंपनी को संबोधित करते हुए पोस्ट में लिखा, ‘‘अपनी क्रू रिपोर्ट ढूंढें, उनके नाम उजागर करें और उन्हें प्रतिबंधित सूची में डाल दें।’’
तृणमूल सांसद ने एक दूसरे पोस्ट में कहा, ‘‘यह भाजपा की संस्कृति है। इसमें आश्चर्य की क्या बात है?’’
मोइत्रा ने कहा कि उन्होंने घटना को नजरअंदाज करते हुए बैठक में भाग लिया था, लेकिन वायरल हुए वीडियो को देखने के बाद उन्होंने इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने इसे नजरअंदाज कर दिया और हवाई अड्डे से अपनी बैठक के लिए चली गई। फिर लोगों ने मुझे वह वीडियो भेजा जिसे संघी ‘वायरल’ कर रहे थे। तभी मैंने इसका विरोध किया।’’
मोइत्रा ने कहा कि वह विमानन कंपनी को औपचारिक शिकायत भेजेंगी।
इंडिगो या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
भाषा धीरज माधव
माधव