कोलकाता, पांच जुलाई (भाषा) भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी दुष्यंत नरियाला को ‘पश्चिम बंगाल केंद्रीय स्कूल सेवा आयोग’ (डब्ल्यूबीसीएसएससी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एक आधिकारिक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई।
नरियाला वर्ष 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह नयी दिल्ली में राज्य के प्रधान आवासीय आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं।
उनके पास नेताजी सुभाष प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एनएसएटीआई) के महानिदेशक एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ संचालन समिति (एसएनटीसीएससीसी) के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी है।
कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा शनिवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, नरियाला अगले आदेश तक अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ-साथ स्कूल सेवा आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
विधानसभा चुनाव के दौरान नरियाला को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर इस अधिसूचना को साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती आयोगों को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखने और उन्हें संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तर्ज पर तैयार करने का अपना वादा पूरा किया है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन