महराजगंज (उप्र), पांच जुलाई (भाषा) सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की एक संयुक्त टीम ने सोनौली भारत-नेपाल सीमा पर मणिपुर की एक महिला को 2.5 किलोग्राम प्रतिबंधित मेथाक्वालोन के साथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बॉर्डर पिलर नंबर 517/2 के पास शनिवार को संयुक्त जांच अभियान के दौरान उसके ट्रॉली बैग में बने एक खास गुप्त खाने से बरामद इस प्रतिबंधित पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर इस पदार्थ के मेथाक्वालोन होने की पुष्टि हुई।
आरोपी महिला की पहचान मणिपुर के पचई गांव की रहने वाली टी. सांग मार्घिंग (30) के तौर पर हुई है, जो नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही थी।
एसएसबी की सहायक सेनानायक प्रिया यादव ने कहा कि सीमा पार ड्रग तस्करी नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भाषा सं आनन्द रंजन
रंजन