चंडीगढ़, 10 मई (भाषा) भाजपा की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने रविवार को राज्य में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार से कहा कि अगर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बावजूद उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा इस्तीफा नहीं देते हैं तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाए।
ईडी ने शनिवार को 62 वर्षीय अरोड़ा को कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया था। गुरुग्राम की विशेष पीएमएलए अदालत ने अरोड़ा को एक सप्ताह के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
भाजपा नेता शर्मा ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमत्री भगवंत मान के शासनकाल में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है।
शर्मा ने मान सरकार से सवाल किया कि उसने उद्योग एवं वाणिज्य और बिजली विभाग संभाल रहे शर्मा के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।
मान पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘आपके मंत्री को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। क्या आपमें नैतिकता बची है? अगर हां, तो उनका (अरोड़ा का) इस्तीफा ले लीजिए, और अगर वे इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उन्हें मंत्रिमंडल से हटा दीजिए।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश