आईआईटी-जी का छात्र छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में गिरफ्तार
आईआईटी-जी का छात्र छात्रा से छेड़खानी करने के आरोप में गिरफ्तार
उत्तर गुवाहाटी, चार अप्रैल (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी (आईआईटी-जी) के एक छात्र को अपने ही कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ छेड़खानी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसे कामरूप जिले की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, गुजरात की रहने वाली छात्रा ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि आरोपी मेकैनिकल इंजीनियरिंग विभाग में उसके साथ पढ़ता है और उसने 29 मार्च को होली पर आईआईटी-जी के छात्रावास में उसके पेय पदार्थ में कुछ नशीली वस्तु मिला दी, जिसके बाद उसने उसके साथ छेड़खानी की।
छात्रा ने दावा किया कि वह पेय पदार्थ पीने के बाद बेहोश हो गई।
अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में पता चलने पर संस्थान के अधिकारी छात्रा को गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए और बाद में पुलिस को सूचित किया गया।
छात्रा के बयान पर शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा अमीनगांव में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सूत्रों ने बताया कि आईआईटी-जी ने तथ्यान्वेषण समिति गठित की थी, जिसने अपनी रिपोर्ट दे दी है, जिसके बाद संस्थान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि छात्रा खतरे से बाहर है और वह ठीक हो रही है।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


