नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में अवैध हथियार बनाने वाली एक इकाई का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आपूर्तिकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस को मेरठ से दिल्ली में अवैध हथियारों की बड़े पैमाने पर आपूर्ति की विशेष खुफिया जानकारी मिली।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए 25 वर्षीय हथियार आपूर्तिकर्ता हासिर उर्फ शूटर को 19 मार्च को उत्तर दिल्ली के बादली रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक पेन पिस्तौल और 7.65 मिमी बोर की छह कारतूस बरामद की गईं, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान हासिर ने खुलासा किया कि वह मेरठ निवासी परवेज उर्फ फर्रू से हथियार प्राप्त करता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने के लिए टीम गठित की।
पुलिस के अनुसार, 26 मार्च को टीम ने मेरठ में परवेज के ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस को देख वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान परिसर से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा और निर्माण उपकरण बरामद किए गए, जिनमें 24 पेन पिस्तौल, 78 मैगजीन, कई बैरल, स्लाइड और पिस्तौल बॉडी के साथ विभिन्न हथियारों के पुर्जे तथा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली ड्रिल मशीन शामिल है।
पुलिस ने बताया कि कुल 25 पेन पिस्तौल बरामद की गयी हैं, जो अत्यंत खतरनाक श्रेणी के गोपनीय हथियार होते हैं। ये सामान्य पेन जैसे दिखते हैं, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आसानी से ले जाए जा सकते हैं और सामान्य जांच में इन्हें पकड़ना मुश्किल होता है। इनमें नजदीक से 7.65 मिमी कारतूस दागने की सक्षता होती हैं।
पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय परवेज एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ अवैध हथियार निर्माण से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसे 2017 में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम के तहत खालिस्तानी आतंकवादियों द्वारा लक्षित हत्याओं में इस्तेमाल हथियारों की आपूर्ति के मामले में गिरफ्तार किया था और वह करीब पांच साल तक जेल में रहा।
अधिकारियों ने बताया कि परवेज को इससे पहले भी मेरठ पुलिस ने इसी तरह के मामलों में गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, हासिर, जिसने सातवीं कक्षा तक पढ़ाई की है, पहले चोरी के एक मामले में शामिल रहा है और उस पर उत्तर प्रदेश में पुलिस टीम पर गोलीबारी की घटना समेत करीब 10 आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है।
उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों के निर्माण और आपूर्ति में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी माधव
माधव