अमरनाथ गुफा मंदिर के संरक्षण को लेकर इल्तिजा मुफ्ती ने जताई चिंता

Ads

अमरनाथ गुफा मंदिर के संरक्षण को लेकर इल्तिजा मुफ्ती ने जताई चिंता

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 07:05 PM IST

श्रीनगर, 8 जुलाई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता इल्तिजा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि अमरनाथ गुफा मंदिर की गुणवत्ता और संरक्षण को संख्या से अधिक प्राथमिकता दी जानी चाहिए क्योंकि इस समय जारी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के पहले पांच दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख को पार कर गई है।

अब तक 1.15 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में भगवान शिव के प्राकृतिक रूप से बर्फ से बने पवित्र लिंग के दर्शन कर चुके हैं।

इल्तिजा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पहले पांच दिनों में ही 1.13 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। इसका मतलब है कि प्रतिदिन औसतन 22,000 लोग दर्शन कर रहे हैं, जबकि उच्चतम न्यायालय ने प्रतिदिन 10,000 श्रद्धालुओं की सीमा तय की है। पवित्र गुफा की गुणवत्ता और संरक्षण को संख्या और भीड़ बढ़ाने से अधिक महत्व दिया जाना चाहिए।’’

उन्होंने तीर्थ मार्ग पर हो रहे ‘अनावश्यक’ निर्माण और श्रद्धालुओं की ‘बड़ी संख्या’ को लेकर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि कश्मीर की राजनीति में पर्यावरण की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘अमरनाथ यात्रा शुरू हुए अभी केवल एक सप्ताह ही हुआ है और प्राकृतिक रूप से बनने वाला हिमलिंग पहले ही पिघल गया है। बिना सोचे-समझे पेड़ों की कटाई, अवैध खनन, कचरा प्रबंधन की खराब व्यवस्था और जल स्तर में खतरनाक गिरावट इसके प्रमुख कारण हैं। दुर्भाग्य से कश्मीर की राजनीति का खामियाजा पर्यावरण भुगत रहा है। इसकी कोई राजनीतिक ताकत या अहमियत नहीं है।’’

पीडीपी नेता ने कहा कि पहाड़ों, नदियों और हिमनदों के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए दीर्घकालिक और सतत पर्यावरण तथा पर्यटन नीति की आवश्यकता है।

तीन जुलाई को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा 57 दिन चलेगी और रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त को संपन्न होगी।

भाषा

रंजन माधव

माधव