पोरबंदर, आठ जुलाई (भाषा) गुजरात के पोरबंदर शहर के नजदीक बुधवार अपराह्न भारतीय नौसेना का एक मानवरहित विमान (यूएवी) नौसेना अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पोरबंदर के जिलाधिकारी एस.डी. धनानी ने बताया कि यूएवी सौराष्ट्र क्षेत्र के तटीय शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर धरमपुर गांव के एक खुले मैदान में उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
उन्होंने कहा कि दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
धनानी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘भारतीय नौसेना का एक यूएवी धर्मपुर गांव के पास उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। नौसेना के जवान मौके पर पहुंच गए हैं और जांच शुरू कर दी है।’’
अधिकारियों ने बताया कि पास के खेत में गिरने से पहले यूएवी ने पोरबंदर के नौसेना हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश