नसीर साहब का धन्यवाद संदेश पाकर कुर्सी से उछल पड़ा था : इम्तियाज अली
नसीर साहब का धन्यवाद संदेश पाकर कुर्सी से उछल पड़ा था : इम्तियाज अली
नयी दिल्ली, 18 जून (भाषा) फिल्मकार इम्तियाज अली का कहना है कि उनकी नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज के बाद दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का धन्यवाद संदेश पाकर वह हैरान रह गए थे।
अली ने बताया कि फिल्म की रिलीज के बाद से उनकी और नसीरुद्दीन शाह की लगातार बातचीत हो रही है और नसीरूद्दीन साहब फिल्म को मिल रही प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी लेते रहते हैं।
अली ने ‘पीटीआई भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “नसीर हमेशा मेरे संपर्क में रहते हैं। उन्होंने पूछा कि फिल्म कैसी चल रही है। मैंने कहा कि चिंता मत कीजिए, फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है और आगे और बेहतर करेगी।”
अली ने बताया कि उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को सिनेमाघर जाकर दर्शकों की प्रतिक्रिया देखने का सुझाव दिया था, लेकिन अभिनेता ने खुद जाने के बजाय उन्हें ही वहां जाने को कहा। उनका कहना था कि वह भावुक हो जाएंगे।
निर्देशक ने कहा, “मैंने उनसे कहा: लोग आपके किरदार की बहुत तारीफ कर रहे हैं। उम्मीद है आपको अहसास हो ही रहा होगा। इस पर उन्होंने बताया कि उन्हें ढेर सारे संदेश और फोन कॉल आ रहे हैं। और फिर उन्होंने बहुत ही प्यार से मुझे धन्यवाद कहा। यह सुनकर मैं कुर्सी से उछल पड़ा। नसीरुद्दीन शाह जैसे अभिनेता किसी भूमिका के लिए किसी को धन्यवाद कहें, यह मेरे लिए अविश्वसनीय था।”
‘मैं वापस आऊंगा’ विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें नसीरुद्दीन शाह ने 95 वर्षीय ऐसे व्यक्ति की भूमिका अदा की है जो अपने अतीत की यादों में खोया रहता है।
फिल्म में अभिनेता वेदांग रैना ने इसी किरदार के युवा रूप को निभाया है। उनका पात्र अपनी सहपाठी जिया (अफसाना) से प्रेम करता है और दोनों साथ मिलकर भविष्य के सपने देखते हैं, लेकिन इसी दौरान देश के विभाजन की आहट तेज होने लगती है।
अली ने कहा कि वेदांग रैना, जो उनकी फिल्म ‘रॉक स्टार’ के बड़े प्रशंसक हैं, अब ‘मैं वापस आऊंगा’ को उनका सर्वश्रेष्ठ काम मानते हैं।
निर्देशक के अनुसार, वेदांग ने उन्हें संदेश भेजकर कहा कि फिल्म को दो-तीन बार देखने के बाद उन्हें इसकी कई परतें समझ में आईं और अब वह विश्वास के साथ कह सकते हैं कि यह उनकी सर्वश्रेष्ठ फिल्म है।
अली ने कहा, “वेदांग बतौर संगीतकार ‘रॉकस्टार’ के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। ऐसे में उनका यह कहना अपने आप में बड़ी बात है।”
अभिनेत्री शरवरी ने भी फिल्म के शुरुआती संस्करण देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया साझा की थी। अली के मुताबिक, उन्होंने विशेष रूप से अभिनेता दिलजीत दोसांझ के अभिनय की सराहना की।
उन्होंने बताया कि शरवरी ने उनसे कहा था, “दिलजीत ऐसा कैसे कर लेते हैं? वह इतने सहज और इतने वास्तविक कैसे लगते हैं?”
‘मैं वापस आऊंगा’ का निर्माण बिरला स्टूडियोज, एप्लॉज़ एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स ने मिलकर किया है। फिल्म फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है।
भाषा
मनीषा नरेश
नरेश

Facebook


