(तस्वीरों सहित)
गुवाहाटी, चार मई (भाषा) असम में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ता दिख रहा है, जहां वह 126 में से 99 विधानसभा सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
राज्य में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत का आंकड़ा 64 है।
निर्वाचन आयोग ने राज्य की 126 सीट के रुझान जारी किए हैं, जिनमें भाजपा 79 सीट पर आगे है, जबकि उसके गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद (अगप) आठ पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने एक सीट पर जीत हासिल कर ली है व आठ पर आगे है।
इसके अनुसार कांग्रेस 25 सीट पर आगे है, जबकि उसकी सहयोगी रायजोर दल दो सीट पर आगे है।
एआईयूडीएफ दो सीट पर और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) एक निर्वाचन क्षेत्र में आगे है।
खोवांग निर्वाचन क्षेत्र में पहले आगे रहे असम जातीय परिषद के लुरिंज्योति गोगोई अब भाजपा के चक्रधर गोगोई से पीछे हो गए हैं।
जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा आगे हैं, जबकि जोरहाट में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के हितेंद्रनाथ गोस्वामी से पीछे हो गए हैं।
विधानसभा अध्यक्ष एवं तामुलपुर से भाजपा के उम्मीदवार विश्वजीत दैमारी युनाईटेड पीपुल्स पार्टी-लिबरल के प्रमोद बोरो से आगे हैं।
दूसरे चरण की मतगणना के बाद पिछड़े रायजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई अब एक बार फिर अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कुशल दुवारी से आगे हैं।
राजग के सहयोगी अगप के अध्यक्ष अतुल बोरा एवं कार्यकारी अध्यक्ष केशव महंत क्रमशः बोकाखाट और कलियाबोर में आगे हैं।
चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व वरिष्ठ नेता प्रद्युत बोरदोलोई और भूपेन बोरा क्रमशः दिसपुर और बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं।
मंत्री रानोज पेगू, पीयूष हजारिका, अशोक सिंघल, प्रशांत फूकन, विमल बोरा और चंद्रमोहन पटवारी भी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए हैं।
निवर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी दलों में असम गण परिषद (एजीपी) के नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) के सात और बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के तीन विधायक हैं। बीपीएफ हाल में गठबंधन में फिर से शामिल हुई है।
भाषा खारी वैभव
वैभव