देहरादून में उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने अपनी मांगों को लेकर राज्य सचिवालय की ओर कूच किया

Ads

देहरादून में उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने अपनी मांगों को लेकर राज्य सचिवालय की ओर कूच किया

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 06:56 PM IST

देहरादून, 21 जुलाई (भाषा) उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले मंगलवार को यहां बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने लंबित सरकारी भर्तियों को जल्द पूरा करने तथा नई भर्ती की विज्ञप्ति जारी किए जाने सहित अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सचिवालय कूच किया।

बेरोजगार युवा पहले परेड ग्राउंड में एकत्र हुए, जहां से उन्होंने उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल के नेतृत्व में सचिवालय की ओर पैदल मार्च शुरू किया। हालांकि, जैसे ही प्रदर्शनकारी सुभाष रोड पर राज्य सचिवालय के निकट पहुंचे, वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने ‘बैरिकेड’ लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया ।

पुलिस द्वारा रोके जाने का प्रयास करने पर नाराज प्रदर्शनकारियों की उससे धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी को लेकर भी कुछ लोग नारे लगाते नजर आए । प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा ।

प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) के माध्यम से सहायक अभियंता (एई) और कनिष्ठ अभियंता (जेई) की भर्ती प्रक्रिया तथा वन गार्ड के 1000 पदों का विज्ञापन तत्काल जारी करने की मांग की। बेरोजगार युवाओं ने उत्तराखंड पुलिस में 1,500 पदों पर भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने तथा महिला पुलिस आरक्षी के 400 पदों पर भी तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की।

इसके अलावा उन्होंने राज्य की विभिन्न लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को भी शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई । उनका कहना था कि भर्तियों में लगातार हो रही देरी के कारण हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

बेरोजगार संघ के उपाध्यक्ष सुरेश सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

भाषा दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार