नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को कहा कि वित्त वर्ष 2026 में विनिवेश और संपत्ति मौद्रीकरण से सरकार की कुल आय 45,306 करोड़ रुपये रही, जो संशोधित अनुमानों से ज्यादा है।
सरकार ने 2025-26 के संशोधित अनुमानों (आरई) में विविध पूंजी प्राप्तियों (जिसमें सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम विनिवेश और सार्वजनिक संपत्ति का मौद्रीकरण शामिल है) का लक्ष्य 33,837 करोड़ रुपये रखा था।
चौधरी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा, ‘‘भारत सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 45,306.05 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त की, जिसमें विनिवेश से 16,885.56 करोड़ रुपये और सपंत्ति मौद्रीकरण से 28,420.49 करोड़ रुपये शामिल थे।’’
चालू वित्त वर्ष के लिए, सरकार ने विविध पूंजी प्राप्तियों के तहत 80,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
अब तक वित्त वर्ष 2027 में, विविध पूंजी प्राप्तियों के तहत 59,083 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं, जिसमें संपत्ति मौद्रीकरण से लगभग 6,367 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि 2025-26 में विनिवेश से प्राप्त राशि 16,886 करोड़ रुपये थी, जबकि 2024-25 में यह 10,163 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2024, 2023 और 2022 में यह क्रमशः 16,507 करोड़ रुपये, 35,294 करोड़ रुपये और 13,534 करोड़ रुपये थी।
भाषा वैभव सुभाष
सुभाष