गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 18 हजार से अधिक स्थानों पर दीये जलाए गए
गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 18 हजार से अधिक स्थानों पर दीये जलाए गए
अहमदाबाद, 17 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 76वां जन्मदिन बृहस्पतिवार को उनके गृह राज्य गुजरात में बड़े पैमाने पर मनाया गया, जिसके तहत 18,500 से अधिक स्थानों पर मिट्टी के लाखों दीये जलाए गए और रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया।
ये कार्यक्रम सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महीने भर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत 17 अक्टूबर को निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में मोदी के जनसेवा में लगातार 25 वर्ष पूरे करने का भी जश्न मनाया जा रहा।
राज्य सरकार ने पहले घोषणा की थी कि 18,500 से अधिक स्थानों पर 88 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे।
जिलों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और स्थानीय इकाइयों में ‘आशीर्वाद नो दीवडो’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके तहत भक्ति संगीत, सत्संग और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
अहमदाबाद नगर निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘अहमदाबाद में कांकरिया लेकफ्रंट पर 1.25 लाख दीये जलाए गए। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हिस्सा लिया। उन्होंने ‘मां भारती’ की आरती की।’’
भाषा प्रचेता पारुल
पारुल

Facebook


