आयकर विभाग में 26,997 अधिकारियों व सहायक कर्मियों की कमी

आयकर विभाग में 26,997 अधिकारियों व सहायक कर्मियों की कमी

आयकर विभाग में 26,997 अधिकारियों व सहायक कर्मियों की कमी
Modified Date: July 20, 2026 / 08:05 pm IST
Published Date: July 20, 2026 8:05 pm IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) सरकार ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि एक जनवरी 2026 तक आयकर विभाग में 26,997 अधिकारियों और ‘सपोर्ट स्टाफ’ की कमी थी।

वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सदन को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया, ‘‘एक जनवरी 2026 तक आयकर विभाग में ग्रुप ए, बी और सी में 26,997 पद रिक्त थे। रिक्तियां होना और उन्हें भरना सतत जारी रहने वाली प्रक्रिया है।’’

उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे रिक्तियां होती हैं, उन्हें तय भर्ती प्रक्रिया के अनुसार नियमित रूप से भरा जाता है, जैसे कि संघ लोक सेवा आयोग/कर्मचारी चयन आयोग के जरिए सीधी भर्ती या पदोन्नति के जरिए।

एक अन्य सवाल के लिखित जवाब में चौधरी ने बताया कि 2024 से अब तक ‘भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम, 2018’ के प्रावधानों के तहत 11 लोगों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अधिनियम के प्रावधानों के तहत 2024 से ऐसे अपराधियों की 1,303.16 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

मंत्री ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के अनुसार, विदेशों से शुद्ध निजी अंतरण – जिसमें मुख्य रूप से विदेशों में काम करने वाले भारतीयों द्वारा भेजी गई रकम शामिल है, 2024-25 के 124.6 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2025-26 में 144.8 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बावजूद, शुद्ध अंतरण अप्रैल 2025 के 9.4 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर अप्रैल 2026 में 16 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में