नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) भारत ने कुवैत में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की बुधवार को निंदा की और इस तरह की हिंसा को समाप्त करने का एक बार फिर आह्वान किया।
इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गये।
भारत ने इस बात पर भी जोर दिया कि नागरिक आबादी और बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम आज कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और हमारे कई नागरिक घायल हो गये।’’
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में संघर्ष की शुरुआत से ही, हमने बार-बार आग्रह किया है कि नागरिक आबादी और बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हम एक बार फिर सभी पक्षों से ऐसे हमलों को रोकने का आह्वान करते हैं।’’
इस हमले में मारे गये भारतीय की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
मंत्रालय ने कहा कि कुवैत स्थित भारतीय दूतावास घायलों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
इसने कहा, ‘‘हम शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारा दूतावास घायलों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। हम भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।’’
मंत्रालय ने कहा कि पूरे क्षेत्र में भारतीय मिशन और दूतावास सतर्क हैं और हमारे समुदाय की तत्परता से सहायता कर रहे हैं।
कुवैत ने हवाई अड्डे पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह शोक संतप्त परिवार के साथ-साथ हमले में घायल हुए लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए कुवैती प्रशासन के साथ ‘‘करीबी समन्वय’’ कर रहा है।
ईरान द्वारा हवाई अड्डे के ‘टर्मिनल वन’ पर किए गए हमले के बाद बुधवार को कुवैत ने हवाई यातायात निलंबित कर दिया।
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष