नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) भारत ने शनिवार को कश्मीर पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की कुछ टिप्पणियों को खारिज कर दिया और कहा कि उन्हें देश के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘पाकिस्तान के राष्ट्रपति की बेबुनियाद टिप्पणियों को भारत पूरी तरह से खारिज करता है। वैसे भी उन्हें भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘मानवाधिकारों के मामले में पाकिस्तान का अपना रिकॉर्ड बेहद खराब रहा है और इस पर दुनिया भर में चर्चा होती रही है; ऐसे में ये टिप्पणियां खास तौर पर बेतुकी हैं।’
जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान का ‘धार्मिक अल्पसंख्यकों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाने और उन्हें प्रताड़ित करने का कुख्यात इतिहास है।’
उन्होंने कहा, ‘इस सच्चाई को देखते हुए राष्ट्रपति की बातों को केवल एक राजनीतिक हमले के तौर पर ही देखा जा सकता है, जो पाकिस्तान की कट्टरता और नफरत भरी राष्ट्रीय नीतियों से प्रेरित है।’
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश