पाकिस्तान को झटका, भारत ने ठुकराया सार्क सम्मेलन का न्योता, कहा- आतंक रोकने तक बात नहीं
पाकिस्तान को झटका, भारत ने ठुकराया सार्क सम्मेलन का न्योता, कहा- आतंक रोकने तक बात नहीं
भोपाल। सार्क सम्मेलन में शामिल होने का पाकिस्तानी न्योता भारत ने ठुकरा दिया है। भारत ने साफ कहा है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकती है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि आतंक रोकने तक बातचीत नहीं हो सकती। उन्होंने साफ कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान नहीं जाएंगे।
बता दें कि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को सार्क सम्मेलन के लिए भारत को न्योता देने की बात कही थी। जब से पाकिस्तान सार्क अध्यक्ष बना है, तब से संगठन की कोई बैठक नहीं हो सकी है। सुषमा ने बुधवार को भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पड़ोसी से बातचीत कैसे हो सकती है।’ हमें पठानकोट और उड़ी हमले को भी देखना होगा। बात और आतंक साथ-साथ नहीं चल सकते हैं।
यह भी पढ़ें : जहां ईवीएम खराब वहां फिर से हो पोलिंग, कमलनाथ का आरोप-बीजेपी चाहती है कि मशीनें खराब हो जाए
सुषमा ने कहा, ‘यह एक सामान्य परंपरा है कि सार्क सम्मेलन के लिए तिथि सभी सदस्यों की सहमति के आधार पर तय की जाती है। तारीख तय होने के बाद ही सदस्य राष्ट्रों को औपचारिक निमंत्रण भेजा जाता है। वहीं करतारपुर कॉरिडोर पर सुषमा ने कहा, सरकारें कोई भी रहीं हो सबने करतारपुर कॉरिडोर की मांग की थी। हम सब ऐसा चाहते थे। विदेश मंत्री ने कहा, पिछले कई सालों से भारत सरकार करतारपुर कॉरिडोर खोलने के लिए पाकिस्तान से आग्रह कर रही थी। अब जाकर पाकिस्तान ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। इसका मतलब यह नहीं हुआ कि इसके कारण द्विपक्षीय बातचीत शुरू हो जाएगी।’

Facebook


