भारत में कोविड के उपस्वरूप जेएन.1 के 1,513 मामले दर्ज

भारत में कोविड के उपस्वरूप जेएन.1 के 1,513 मामले दर्ज

भारत में कोविड के उपस्वरूप जेएन.1 के 1,513 मामले दर्ज
Modified Date: January 21, 2024 / 07:19 pm IST
Published Date: January 21, 2024 7:19 pm IST

नयी दिल्ली, 19 जनवरी (भाषा) भारत में अब तक कोविड-19 के उपस्वरूप जेएन.1 के कुल 1,513 मामले सामने आए हैं। भारतीय सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (आईएनएसएसीओजी) ने रविवार को यह जानकारी दी।

महाराष्ट्र और कर्नाटक में इस उपस्वरूप के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं।

आईएनएसएसीओजी द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 382 मामलों की पुष्टि हुई, जिसके बाद 249 मामलों के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर है।

आंध्र प्रदेश में जेएन.1 के 189 मामले जबकि केरल में 156 और गुजरात में 126 मामले सामने आए हैं।

आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 96, गोवा में 90 और तमिलनाडु में 89 मामले सामने आए हैं।

‘पीटीआई-भाषा’ को मिले आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में जेएन.1 उपस्वरूप के 38 मामले, तेलंगाना में 32, छत्तीसगढ़ में 25, दिल्ली में 21, उत्तर प्रदेश में नौ, हरियाणा में पांच, ओडिशा में तीन और उत्तराखंड, मणिपुर एवं नगालैंड में एक-एक मामला सामने आया है।

देश में कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि और जेएन.1 उपस्वरूप का पता चलने के बीच केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से निरंतर निगरानी बनाए रखने को कहा है।

राज्यों को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से साझा किये गये विस्तृत दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। ये दिशा-निर्देश कोविड-19 के लिए संशोधित निगरानी रणनीति को लेकर जारी किये गये हैं।

राज्यों से कहा गया है कि वे मामलों की बढ़ती प्रवृत्ति का जल्द पता लगाने के लिए सभी स्वास्थ्य सुविधा केंद्रों में इन्फ्लूएंजा और गंभीर श्वसन जैसी बीमारी से पीड़ित होने के मामलों की नियमित रूप से निगरानी करें और जिलावार रिपोर्ट भेजें।

भाषा जितेंद्र सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में