भारत में कोविड के उपस्वरूप जेएन.1 के 1,640 मामले दर्ज: आईएनएसएसीओजी

भारत में कोविड के उपस्वरूप जेएन.1 के 1,640 मामले दर्ज: आईएनएसएसीओजी

भारत में कोविड के उपस्वरूप जेएन.1 के 1,640 मामले दर्ज: आईएनएसएसीओजी
Modified Date: January 23, 2024 / 05:20 pm IST
Published Date: January 23, 2024 5:20 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) भारत में अब तक कोविड-19 के उपस्वरूप जेएन.1 के कुल 1,640 मामले सामने आए हैं जिसमें इसके संक्रमण वाले राज्यों की सूची में मध्य प्रदेश भी शामिल हो गया। ‘इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम’ (इंसाकॉग) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इंसाकॉग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 477 मामलों की पुष्टि हुई जबकि 249 मामलों के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर रहा।

आंध्र प्रदेश में जेएन.1 के 219 मामले जबकि केरल में 156 और गुजरात में 127 मामले सामने आए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 96, गोवा में 90 और तमिलनाडु में 89 मामले सामने आए हैं।

‘पीटीआई-भाषा’ को मिले आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में जेएन.1 उपस्वरूप के 38 मामले, तेलंगाना में 32, छत्तीसगढ़ में 25, दिल्ली में 21, उत्तर प्रदेश में नौ, हरियाणा में पांच, ओडिशा में तीन और उत्तराखंड, मणिपुर, मध्य प्रदेश एवं नगालैंड में एक-एक मामला सामने आया है।

देश में कोविड मामलों की संख्या में वृद्धि और जेएन.1 उपस्वरूप का पता चलने के बीच केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से निरंतर निगरानी बनाए रखने को कहा है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसके तेजी से बढ़ते प्रसार को देखते हुए जेएन.1 को एक अलग ‘वेरिएंट ऑफ इंटरेस्ट’ के रूप में वर्गीकृत किया है जिसपर निगरानी की आवश्यकता है लेकिन यह ‘कम’ जोखिम वाला है।

भाषा अभिषेक पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में