भारतीय वायुसेना ब्रिटिश शाही सेना के पायलटों को प्रशिक्षित करेगी

Ads

भारतीय वायुसेना ब्रिटिश शाही सेना के पायलटों को प्रशिक्षित करेगी

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 09:08 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 09:08 PM IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) भारतीय वायुसेना पहली बार ब्रिटेन की शाही वायुसेना के पायलटों को प्रशिक्षण देने जा रही है।

यह निर्णय बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में आयोजित 19वीं ब्रिटेन-भारत वायुसेना वार्ता में लिया गया।

ब्रिटेन द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘‘नवीनतम समझौते के तहत, भारतीय वायुसेना तीन योग्य उड़ान प्रशिक्षकों (क्यूएफआई) को ब्रिटेन में शाही वायुसेना (आरएएफ) वैली में तैनात करेगी – जो ब्रिटिश लड़ाकू विमानों के पायलटों के लिए प्रशिक्षण केंद्र है।’’

इसमें कहा गया, ‘‘यह पहली बार है कि भारतीय योग्य उड़ान प्रशिक्षक आरएएफ वैली में ब्रिटिश पायलटों को लड़ाकू विमानों का प्रशिक्षण देंगे। यह तैनाती शुरू में दो साल की अवधि के लिए होगी।’’

यह घटनाक्रम इस वर्ष जनवरी में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की शाही वायुसेना महाविद्यालय क्रैनवेल में प्रशिक्षक के रूप में पहली बार तैनाती के ठीक बाद हुआ है। यह वायु अकादमी आरएएफ अधिकारियों की अगली पीढ़ी को प्रशिक्षित करती है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, इस नयी पहल के तहत अब तीनों ब्रिटिश सैन्य अकादमियां संबंधित सेवाओं के भारतीय अधिकारियों को प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित कर रही हैं।

शाही वायुसेना के सहायक प्रमुख एयर वाइस मार्शल इयान टाउनसेंड ने कहा, ‘‘इस समझौते पर हस्ताक्षर करना ब्रिटिश शाही वायुसेना और भारतीय वायुसेना के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय क्यूएफआई को ब्रिटिश सैन्य उड़ान प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल करने से हमारा सहयोग गहरा होता है, अंतर-संचालनीयता बढ़ती है और विमान चालक दल प्रशिक्षण में उत्कृष्टता के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता मजबूत होती है।’’

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल