दक्षिण अफ्रीका में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेगा भारतीय प्रतिनिधिमंडल

Ads

दक्षिण अफ्रीका में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेगा भारतीय प्रतिनिधिमंडल

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 08:10 PM IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) भारत का एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल 13 से 19 सितंबर तक दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित होने वाले 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (सीपीसी) में हिस्सा लेगा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), समावेशी व्यापार तथा मानवाधिकार सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर देश का पक्ष रखेगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में मंगलवार को सम्मेलन की तैयारियों को लेकर एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई।

लोकसभा सचिवालय की ओर ये जारी बयान के अनुसार, बैठक में बिरला ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों और महिला प्रतिनिधियों से सम्मेलन के विभिन्न सत्रों तथा कार्यशालाओं में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधि चर्चाओं में प्रभावी ढंग से अपने विचार रखें, ताकि भारत के राष्ट्रीय हितों और दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर मजबूती से प्रस्तुत किया जा सके।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘‘बदलती विश्व व्यवस्था में अंतरराष्ट्रीय कानून और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करना : राष्ट्रमंडल का नेतृत्व’’ है। इसके तहत बदलते वैश्विक परिदृश्य में संसदों की भूमिका और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श होगा।

बैठक के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल के लिए छह प्रमुख कार्यशालाओं के एजेंडे पर भी चर्चा की गई। इनमें विविध अर्थव्यवस्थाओं में समावेशी और निष्पक्ष व्यापार, सुलभ संसद तथा दिव्यांगजनों का समावेशन, जलवायु अनुकूलन एवं लचीलापन, संसदों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के वर्तमान उपयोग, मानवाधिकारों की रक्षा और कानून बनने के बाद उसकी समीक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।

सम्मेलन में ‘‘लोकतंत्र में युवाओं का विश्वास और भागीदारी फिर से कायम करना’’ विषय पर युवा गोलमेज बैठक और राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की महासभा की बहस भी होगी।

इसके अलावा, 10वें राष्ट्रमंडल महिला सांसद सम्मेलन के तहत ‘‘लैंगिक संवेदनशीलता को संस्थागत दायित्व बनाना’’ विषय पर चार विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

बिरला ने प्रतिनिधियों से सम्मेलन के दौरान सभी बैठकों और वार्ताओं में समयबद्धता तथा अनुशासन बनाए रखने का भी आग्रह किया।

लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह और संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा तथा प्रशासनिक और रणनीतिक पहलुओं की जानकारी दी।

भाषा हक

हक धीरज

धीरज